48 सालों की प्रतीक्षा खत्म; चंदेरी-पिपरई-ललितपुर रेलवे लाइन के फाइनल लोकेशन में लगे सेंट्रल लाइन पिलर्स.
48 सालों की प्रतीक्षा के बाद चंदेरी रेल लाइन का सपना अब साकार होने की दिशा में है। चंदेरी के रास्ते पिपरई गांव और ललितपुर को जोड़ने वाली लगभग 80 किलोमीटर लंबी रेल लाइन के फाइनल लोकेशन सर्वे का कार्य तेजी से प्रगति पर है।
रेल मंत्रालय द्वारा 27 नवंबर 2024 को जारी आदेश के अनुसार इस रेल लाइन के फाइनल सर्वे की जिम्मेदारी पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय जबलपुर के महाप्रबंधक को दी गई थी। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अब नियमावली के अनुसार सेंट्रल लाइन पिलर्स की स्थापना ललितपुर से पिपरई के बीच की जा रही है।
ग्रामीण इलाकों जैसे निदानपुर, चकराघाट, तगारी, बाँकलपुर, देवलखो, चुरारी आदि स्थानों पर पिलर्स लगाए जा चुके हैं और पूरी लाइन पर यह कार्य जारी है। इसके पश्चात डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कर रेलवे बोर्ड को भेजी जाएगी। केंद्रीय कैबिनेट से निर्माण राशि की स्वीकृति मिलते ही इस रेल लाइन का वास्तविक निर्माण कार्य प्रारंभ होगा।
दो सांसदों के सतत प्रयास रंग लाए
इस ऐतिहासिक परियोजना के पीछे गुना-शिवपुरी-अशोकनगर सांसद एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और झांसी-ललितपुर सांसद अनुराग शर्मा के निरंतर प्रयास अहम रहे हैं। दोनों ही सांसदों ने लंबे समय से रेल मंत्रालय में दस्तावेजी साक्ष्य के साथ पत्राचार करते हुए रेल मंत्री से सतत संपर्क बनाए रखा।
इन्हीं कोशिशों का परिणाम है कि अब यह रेल लाइन हकीकत बनने जा रही है। स्थानीय जनमानस ने दोनों सांसदों का आभार व्यक्त किया है।
ग्राउंड जीरो पर दिखा उत्साह
चंदेरी के समाजसेवी उमेश पुरोहित, जिन्होंने 1977 में इस रेल लाइन का सपना देखा था, 48 वर्षों बाद जब इसे साकार होते देख रहे हैं तो भावुक हो उठे। ग्राउंड जीरो पर जाकर उन्होंने पिलर्स देखे और कहा—
“आज मेरी खुशी का ठिकाना नहीं है। मैंने जीवन में कभी सोचा नहीं था कि अपने देखे सपने को साकार होता देख पाऊंगा। इसके लिए मैं सांसद सिंधिया जी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।”
– उमेश पुरोहित, समाजसेवी, चंदेरी (जिला अशोकनगर)
उमेश पुरोहित के साथ डॉ. योगेश मिश्रा, मुजफ्फर अंसारी उर्फ कल्ले भाई, निर्मल विश्वकर्मा, सगीर मोहम्मद कुरैशी और कल्याण अहिरवार भी इस अवसर पर मौजूद रहे। ग्रामीण क्षेत्र का दौरा कर उन्होंने वास्तविक स्थिति देखी और भविष्य की रेल लाइन को लेकर स्थानीय जनता में उत्साह का अनुभव किया।