बरेली में पकड़ा गया एक और बड़ा घपला, जमीन के अंदर बिछा दी क्षतिग्रस्त केबल

बरेली : सड़कों का चौड़ीकरण कराने के बाद बिजली की अंडरग्राउंड लाइन बिछाने में बड़ा घपला सामने आया है। कई किलोमीटर तक क्षतिग्रस्त केबल जमीन के अंदर बिछा देने की पुष्टि के बाद कार्यदायी संस्था का भुगतान रोककर जांच शुरू कराई गई है।

बीडीए की ओर से झूलेलाल द्वार, केके अस्पताल, स्वयंवर बारातघर, रामजानकी मंदिर और धर्मकांटे चौराहे से मूर्ति नर्सिंग होम तक सड़क का चौड़ीकरण कराया जाना है। इसमें बाधा बन रहे बिजली के खंबों और ट्रांसफार्मरों को शिफ्ट करने के साथ अंडरग्राउंड लाइन बिछाई जानी थी। बीडीए ने यह काम साहूकारा की फर्म सरस्वती इलेक्ट्रिकल इंटरप्राइजेज से कराया था। अब सामने आया है कि लाइनों की शिफ्टिंग के लिए सारा सामान कार्यदायी संस्था ने खुद खरीदा था। बिजली विभाग का कहना है कि यह सामान मध्यांचल मुख्यालय से अनुमोदित कंपनी और वेंडर से खरीदे जाने का प्रावधान है।

अब सामने आया है कि संस्था की ओर से डाली गई भूमिगत केबल पहले से ही क्षतिग्रस्त है। उसमें चालू किए जाने से पहले ही दो जगह फाल्ट हैं। इसके अलावा एलटी और एबीसी केबल भी क्षतिग्रस्त हालत में ही लगा दी गई। बिजली विभाग की ओर से इसे ठीक कराने के लिए संस्था को लिखा गया है।

अंडरग्राउंड केबल में गडबड़ी की आशंका है। सामग्री भी मानकों के अनुरूप नहीं लगाई गई है। इसका पूरा निरीक्षण होने के बाद ही भुगतान कराया जाएगा। मामले की जांच कराई जा रही है- सुरेंद्र गौतम, अधिशासी अभियंता तृतीय खंड।


Popular posts from this blog

प्रत्येक मरीज हमारा पारिवारिक सदस्य, हम क्यूं चाहेंगे उसका अहित - डॉ. अंकित मेश्राम

सनातनी हिन्दू विधायक गोलू शुक्ला पहुँचे संस्कारों की पाठशाला, उनके द्वारा किये गए कई उद्घाटन.

मध्य प्रदेश मंत्रालय वल्लभ भवन भोपाल में मंत्रियों के कक्ष क्रमांक, ROOM NUMBER LIST.