भोपाल में फिर पकड़ी गई नशे की फैक्ट्री, 92 करोड़ रुपए की एमडी ड्रग्स जब्त.
भोपाल में फिर पकड़ी गई नशे की फैक्ट्री, 92 करोड़ रुपए की एमडी ड्रग्स जब्त, सूरत से रकम तो मुंबई से आता था केमिकल, गिरफ्तार किए गए सात लोगों ने एक विदेशी ऑपरेटर और भारत में नेटवर्क के सरगना के निर्देश पर मेफेड्रोन बनाने की बात कुबूल की है. साथ ही, इस पूरे अभियान में सूरत और मुंबई की पुलिस ने भी डीआरआई की मदद की.
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक मेफेड्रोन फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है. इस मामले में एमपी सहित महाराष्ट्र, गुजरात और उत्तर प्रदेश में छापेमारी के बाद 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने 'ऑपरेशन क्रिस्टल ब्लैक' के तहत 16 अगस्त को हुजूर तहसील के जगदीशपुर (इस्लामनगर) में अवैध फैक्ट्री की तलाशी में 92 करोड़ रुपये का 61.20 किलोग्राम तरल रूप में मेफेड्रोन बरामद और जब्त किया.
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया, "भोपाल में एक गुप्त मेफेड्रोन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया. मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर की गई छापेमारी में इस गिरोह के सात प्रमुख सदस्यों को गिरफ्तार किया गया."
DRI की ओर से कहा गया कि मिथाइलीन डाइक्लोराइड, एसीटोन, मोनोमेथिलमाइन (MMA), हाइड्रोक्लोरिक एसिड (HCL) और 2-ब्रोमो सहित 541.53 किलोग्राम कच्चा माल, प्रसंस्करण उपकरणों के एक पूरे सेट के साथ जब्त किया गया है.
हैरानी की बात यह है कि यह कारखाना सुनसान इलाके में स्थित था, जिसे जानबूझकर चारों ओर से ढंक दिया गया था ताकि पता न चले और डीआरआई अधिकारियों ने चतुराई से छापा मारा. मेफेड्रोन बनाने वाले केमिस्ट सहित 2 व्यक्तियों को अवैध उत्पादन प्रक्रिया में लिप्त पाया गया.
प्रेस रिलीज में बताया गया कि ड्रग कार्टेल के एक प्रमुख सदस्य को उत्तर प्रदेश के बस्ती से गिरफ्तार किया गया. यह आरोपी भिवंडी (मुंबई के पास) से भोपाल तक कच्चे माल की आपूर्ति का काम देखता था.